Sunday, June 1, 2025

स्वर्ग और नरक की प्राप्ति कराने वाले कर्मों का वर्णन



महाभारत के अनुशासन पर्व में माता पार्वती भगवान महेश्वर से पूछती है कि किस प्रकार के शील, आचरण, कर्म और दान के द्वारा मनुष्य स्वर्ग में जाता है।

भगवान महेश्वर ने कहा-देवी, जो मनुष्य ब्राह्मणों का सम्मान और दान करता है, दीन दुखी और दरिद्र मनुष्यों को भक्ष्य-भोज्य, अन्न दान और वस्त्र प्रदान करता है, ठहरने के स्थान, धर्मशाला, कुँआ, प्याऊ और बावड़ी आदि बनवाता है, लेने वाले लोगों की इच्छा पूछ पूछकर नित्य देने योग्य वस्तुएं दान करता है, आसन, शय्या, सवारी, गृह, रत्न, धन-धान्य, गौ, खेत और कन्याओं का प्रसन्नतापूर्वक दान करता है, वह देवलोक में निवास करता है। और पुण्यकर्मों का भोग समाप्त होने पर वहां से मनुष्यलोक में आकर सुख-सामग्रियों से संपन्न उत्तम कुल में जन्म लेता है। उसके पास धन-धान्य की कमी नहीं रहती। दान देने वाले प्राणी ही ऐसे महान सौभाग्य से युक्त होते हैं-यह बात ब्रह्मा जी ने बहुत पहले से ही बता रखी है। दाता पुरुष सबके प्रिय होते हैं।

इनके सिवा बहुत से मनुष्य ऐसे होते हैं जो किसी को कुछ देने में कंजूसी करते हैं। वे मन्दबुद्धि पुरुष ब्राह्मणों के मांगने पर अपने पास धन होते हुए भी कुछ नहीं देते। दीनों, अंधें, दरिद्रों, भिखमंगों और अतिथियों को देखते ही हट जाते हैं। उनके याचना करने पर भी जिह्वा की लोलुपता के कारण अन्न नहीं देते। कभी भी धन, वस्त्र, सुवर्ण, गौ और अन्न की बनी हुई नाना प्रकार की खाद्य वस्तुओं का दान नहीं करते। इस प्रकार के अधर्मी, लोभी, नास्तिक एवं दान से जी चुराने वाले मुर्ख लोग नरक में पड़ते हैं। यदि कालचक्र के फेर से पुनः मनुष्य योनि में जन्म लेते हैं तो निर्धन कुल में ही जन्म लेते हैं। वे हमेशा भूख प्यास का कष्ट सहते हैं, सब लोग उन्हें अपने समाज से बाहर कर देते हैं तथा वे सब प्रकार के भोगों से निराश होकर पापाचार से जीविका चलाते हैं अथवा वे थोड़े से वैभव वाले कुल में उत्पन्न होते और थोड़े से ही भोग भोगते हैं।

इनके सिवा, दूसरे भी ऐसे मनुष्य हैं जो सदा गर्व और अभिमान में फूले और पाप में परायण रहते हैं। जो मूर्ख मार्ग देने योग्य पुरुषों को जाने के लिए मार्ग नहीं देते, गुरु के आने पर प्रेमपूर्वक उनकी पूजा नहीं करते तथा अभिमान और लोभ के वशीभूत होकर सम्माननीय पुरुषों का अपमान एवं वृद्धजनों का तिरस्कार करते हैं, इस प्रकार के आचरण करने वाले सभी लोग नरकगामी होते हैं और जब वे नरक से छुटकारा पाते हैं तो बहुत वर्षों के बाद अत्यन्त निन्दित कुल में जन्म लेते हैं। गुरु और बड़े बूढ़ों का अपमान करने वाले मनुष्यों का मूर्ख और घृणित चाण्डालों के कुल में जन्म होता है।

जिनमें गर्व और अभिमान का नाम नहीं होता, जो देवता और ब्राह्मणों की पूजा करता है, संसार के लोग जिसे पूज्य मानते हैं, जो बड़ो को प्रणाम करने वाला, विनयी, मीठे वचन बोलने वाला, सब वर्णों का प्रिय, और सम्पूर्ण प्राणियों का हित करने वाला है, जिसका किसी के साथ द्वेष नहीं है, जिसका मुख प्रसन्न और स्वभाव कोमल है जो स्वागतपूर्वक स्नेहभरी वाणी बोलता है, किसी भी प्राणी की हिंसा नहीं करता तथा सबका सत्कार और पूजन करता है, जो मार्ग देने योग्य पुरुष को मार्ग देता है, गुरु का यथोचित सत्कार करता और अतिथियों को आमन्त्रित करके उनकी पूजा करता है- ऐसा मनुष्य स्वर्ग को प्राप्त करता है। फिर वहां का भोग समाप्त होने पर मनुष्य योनि में आकर वह उत्तम कुल में उत्पन्न होता है। वहां सब प्राणी उसका आदर करते हैं और सब लोग उसके सामने मस्तक झुकाते हैं।

इस प्रकार मनुष्य अपने कर्मों का फल सदा स्वयं ही भोगता है। धर्मात्मा मनुष्य सर्वदा उत्तम कुल, उत्तम जाति और उत्तम स्थान में जन्म लेता है। यह साक्षात ब्रह्मा जी के बताये हुए धर्म का वर्णन किया है। जिस मनुष्य का आचरण क्रूरता से भरा हुआ है, जो समस्त जीवों के लिए भयंकर है, जो हाथ, पैर, रस्सी, डंडे और ढेले से मारकर, खंभे में बांधकर तथा घातक शस्त्रों का प्रहार करके जीव जन्तुओं को सताता और भयावह रूप धरण करके उन पर आक्रमण करता है, ऐसे स्वभाव वाले मनुष्य को नरक में गिरना पड़ता है। और कालचक्र में पड़कर यदि वो मनुष्य योनि में आता है तो अनेकों प्रकार की विघ्न बाधाओं से कष्ट उठाने वाले अधम कुल में उत्पन्न होता है। ऐसा मनुष्य अपने किये हुए कर्मों के अनुसार जगत में नीच समझा जाता है और सब लोग उससे द्वेष रखते हैं।

इसके विपरीत जो मनुष्य सब प्राणियों के प्रति दयादृष्टि रखता है, सबको मित्र समझता है, सबके ऊपर पिता के समान स्नेह रखता है, किसी के साथ वैर नहीं करता और इन्द्रियों को वश में किये रहता है, जो हाथ पैर आदि को अपने अधीन रखकर किसी भी जीव को ना उद्वेग में डालता और ना मारता ही है, सब प्राणी जिस पर विश्वास करते हैं, जिसका कर्म मृदु होता है तथा जो सदा ही दयाभाव से युक्त रहता है, ऐसे स्वभाव और आचरण वाला पुरुष स्वर्गलोक के दिव्य भवन में देवताओं की भाँति आनन्दपूर्वक निवास करता है। फिर पुण्यकर्मों के क्षीण होने पर यदि वह मृत्युलोक में जन्म लेता है तो उसके ऊपर बाधाओें का आक्रमण कम होता है। वह निर्भय, सुखी और उद्वेग से रहित जीवन व्यतीत करता है। देवि, यह सज्जन पुरुष का मार्ग है, जहां किसी प्रकार की विघ्न बाधा नहीं आने पाती।

जो मनुष्य धर्म से उपार्जित किये हुए धन को भोगते और सत्यधर्म में परायण रहते हैं, वे स्वर्ग में जाते हैं। जिनके सब प्रकार के संदेह दूर हो गये हैं, जो प्रलय और उत्पत्ति के तत्व को जानने वाले सर्वज्ञ और सर्वदृष्टा है, जिनकी आसक्ति दूर हो गयी है तथा जो मन, वाणी और कर्म से किसी जीव की हिंसा नहीं करते, वे ही पुरुष कर्म-बंधनों से मुक्त होते हैं। उन्हें न धर्म बांधता है न अधर्म। जो कहीं आसक्त नहीं होते, किसी के प्राणों की हत्या से दूर रहते हैं तथा जो सुशील और दयालु हैं, वे भी कर्मों के बन्धन में नहीं पड़ते। जो शत्रु और मित्र को समान समझने वाले हैं, वे जितेन्द्रिय पुरुष कर्मबन्धन से मुक्त हो जाते हैं। जो सब प्राणियों पर दया करने वाले, सबके विश्वासपात्र तथा हिंसामय आचरणों को त्याग देने वाले हैं वे मनुष्य स्वर्गगामी होते हैं। जो दूसरों के धन पर ममता नहीं रखते, परायी स्त्री से सदा दूर रहते और धर्म के द्वारा प्राप्त किये हुये अन्न का ही भोजन करते हैं, जिनका दूसरों की स्त्रियों के प्रति माता, बहन और बेटी के समान भाव रहता है, जो सदा अपने ही धन से संतुष्ट रहकर चोरी आदि से दूर रहते हैं, जिन्हें सदा अपने भाग्य का ही भरोसा रहता है, जिनकी इन्द्रियाँ काबू में रहती है तथा जो शील को ही श्रेष्ठ समझकर उसमें स्थित रहते हैं, वे मनुष्य स्वर्ग में जाते हैं। यह देवताओं का बनाया हुआ मार्ग है। विद्वान पुरुष को सदा ही इसका सेवन करना चाहिए।

जो मनुष्य अपने या दूसरे के लिए हँसी-परिहास में भी झूठ नहीं बोलते, आजीविका, धर्म अथवा किसी कामना के लिए असत्य भाषण नहीं करते, जिनकी वाणी मन को प्रिय लगने वाली, किसी को दुख न पहुँचाने वाली, पापपूर्ण विचारों से रहित तथा स्वागत-सत्कार के भाव से युक्त रहती है तथा जो कभी रुखी, कड़वी और निष्ठुरतापूर्ण बात मुँह से नहीं निकालते, वे सज्जन पुरुष स्वर्ग में जाते हैं। मनुष्यों को इस वाणी के धर्म का सदा सेवन करना चाहिए। विद्वानों को सर्वदा शुभ और सत्य वचन बोलना तथा मिथ्या का त्याग करना उचित है। उपुर्यक्त कर्मों का निष्काम भाव से आचरण करने वाले पुरुष को परमात्मपद की प्राप्ति हो जाती है।

शरीर और आत्मा



शरीर और आत्मा इन दोनों में अत्यन्त भेद है। शरीर की नौ अवस्थाएं गर्भाधन, गर्भवृद्धी, जन्म, बाल्यावस्था, कुमारावस्था, जवानी, अधेड़ अवस्था, बुढ़ापा और मृत्यु है। यह शरीर जीव से भिन्न है। देह, इन्द्रिय, प्राण और मन में स्थित आत्मा ही जब उनका अभिमान कर बैठता है - उन्हें अपना स्वरूप मान लेता है - तब उसका नाम जीव हो जाता है। उस सूक्ष्मातिसूक्ष्म आत्मा की मूर्ति है - गुण और कर्मों का बना हुआ सूक्ष्म शरीर। उसे ही कहीं सूत्रात्मा कहा जाता है और कहीं महतत्त्व। वही कालरूप परमेश्वर के अधीन होकर जन्म-मृत्यु रूप संसार में इधर-उधर भटकता रहता है।

श्रीमद्भागवत पुराण में उद्धव जी भगवान से पूछते हैं कि आत्मा है दृष्टा और शरीर है दृश्य। आत्मा स्वयं प्रकाश है और शरीर है जड़। ऐसी स्थिति में जन्म मृत्यु रूप संसार न शरीर को हो सकता है और न आत्मा को। परन्तु इसका होना भी उपलब्ध होता है, तब यह होता किसको है? आत्मा तो अविनाशी, प्राकृत-अप्राकृत गुणों से रहित, शुद्ध, स्वयंप्रकाश और सभी प्रकार के आवरणों से रहित है तथा शरीर विनाशी, सगुण, अशुद्ध, प्रकाश्य और आवृत्त है। आत्मा अग्नि के समान प्रकाशमान है, तो शरीर काठ की तरह अचेतन। फिर यह जन्म मृत्युरूप संसार है किसे?

भगवान श्रीकृष्ण ने कहा, वस्तुतः संसार का अस्तित्व नहीं है तथापि जब तक देह, इन्द्रिय और प्राणों के साथ आत्मा की संबंध भ्रांति है, तब तक अविवेकी पुरुष को वह सत्य सा स्फुरित है। जैसे स्वप्न में अनेकों विपत्तियाँ आती है पर वास्तव में वे हैं नहीं, फिर भी स्वप्न टूटने तक उनका अस्तित्व नहीं मिटता, वैसे ही संसार के न होने पर भी जो उसमें प्रतीत होने वाले विषयों का चिन्तन करते रहते हैं, उनके जन्म मृत्यु रूप संसार की निवृत्ति नहीं होती। अहंकार ही शोक, हर्ष, भय, क्रोध, लोभ, मोह, स्पृहा और जन्म-मृत्यु का शिकार बनता है। आत्मा से तो इनका कोई संबंध ही नहीं है। वास्तव में मन, वाणी, प्राण और शरीर अहंकार के ही कार्य हैं। यह है तो निर्मूल, परन्तु देवता, मनुष्य आदि अनेक रूपों में इसी की प्रतीति होती है।

आत्मा और अनात्मा (शरीर आदि) के स्वरूप को पृथक पृथक भलीभाँति समझना ही ज्ञान है, क्योंकि विवेक होते ही द्वैत का अस्तित्व मिट जाता है। उसका साधन है तपस्या के द्वारा हृदय को शुद्ध करके वेदादि शास्त्रों का श्रवण करना। अनेकों प्रकार के गुण और कर्मों से युक्त देह, इन्द्रिय आदि पदार्थ पहले अज्ञान के कारण आत्मा से अभिन्न मान लिए गये थे, उनका विवेक नहीं था। अब आत्मदृष्टि होने पर अज्ञान और उसके कार्यों की निवृत्ति हो जाती है। इसलिए अज्ञान की निवृत्ति ही अभिष्ट है। वृत्तियों के द्वारा न तो आत्मा का ग्रहण हो सकता है और न त्याग। जैसे सूर्य उदय होने पर मनुष्य के नेत्रों के सामने से अन्धकार का पर्दा हटा देते हैं, किसी नयी वस्तु का निर्माण नहीं करते, वैसे ही अपने स्वरूप का दृढ़ अपरोक्षज्ञान पुरुष के बुद्धिगत अज्ञान का आवरण नष्ट कर देता है। आत्मा नित्य अपरोक्ष है, उसकी प्राप्ति नहीं करनी पड़ती। वह स्वयंप्रकाश है। उसमें अज्ञान आदि किसी प्रकार के विकार नहीं है। वह जन्मरहित है अर्थात् कभी किसी प्रकार भी वृत्ति में आरूढ़ नहीं होता। इसलिए अप्रमेय है। ज्ञान आदि के द्वारा उसका संस्कार भी नहीं किया जा सकता।

मनुष्यों का मन कर्म संस्कारों का पुँज है। उन संस्कारों के अनुसार भोग प्राप्त करने के लिए उसके साथ पाँच इन्द्रियाँ भी लगी हुई है। इसी का नाम है सूक्ष्म या लिंग शरीर। वही कर्मों के अनुसार एक शरीर से दूसरे शरीर में, एक लोक से दूसरे लोक में आता जाता रहता है। आत्मा इस लिंग शरीर से सर्वथा पृथक है। उसका आना जाना नहीं होता, परन्तु जब वह अपने को लिंग शरीर ही समझ बैठता है, उसी में अहंकार कर लेता है, तब उसे भी अपना आना जाना प्रतीत होने लगता है।

मन कर्मों के अधीन है, वह देखे हुए या सुने हुए विषयों का चिन्तन करने लगता है और क्षण भर में ही उनमें तदाकार हो जाता है तथा उन्हीं पूर्व चिन्तित विषयों में लीन हो जाता है। जब यह जीव किसी भी शरीर को अभेद भाव से मैं के रूप में स्वीकार कर लेता है, तब उसे ही जन्म कहते हैं, वैसे ही जैसे स्वप्नकालीन और मनोरथ कालीन शरीर में अभिमान करना ही स्वप्न और मनोरथ कहा जाता है। यह वर्तमान देह में स्थित जीव जैसे पूर्व देह का स्मरण नहीं करता, वैसे ही स्वप्न या मनोरथ में स्थित जीव भी पहले के स्वप्न और मनोरथ को स्मरण नहीं करता, प्रत्युत उस वर्तमान स्वप्न और मनोरथ में पूर्व सिद्ध होने पर भी अपने को नवीन सा ही समझता है।

काल की गति सूक्ष्म है। उसे साधरणतः देखा नहीं जा सकता। उसके द्वारा प्रतिक्षण ही शरीरों की उत्पत्ति और नाश होते रहते हैं। सूक्ष्म होने के कारण ही प्रतिक्षण होने वाले जन्म-मरण नहीं दिख पड़ते। जैसे काल के प्रभाव से दिये की लौ, नदियों के प्रवाह अथवा वृक्ष के फलों की विशेष विशेष अवस्थाएँ बदलती रहती है, वैसे ही समस्त प्राणियों के शरीरों की आयु, अवस्था आदि भी बदलती रहती है। जैसे यह उन्हीं ज्योतियों का वही दीपक है, प्रवाह का यह वही जल है - ऐसा समझना और कहना मिथ्या है, वैसे ही विषय चिन्तन में व्यर्थ आयु बिताने वाले अविवेकी पुरुषों का ऐसा कहना और समझना कि वह वही पुरुष है, सर्वथा मिथ्या है। यद्यपि वह भ्रान्त पुरुष भी अपने कर्मों के बीज द्वारा न पैदा होता है और न मरता ही है, वह भी अजन्मा और अमर ही है, फिर भी वह भ्रान्ति से वह उत्पन्न होता है और मरता सा भी है, जैसे कि काष्ठ से युक्त अग्नि पैदा होता और नष्ट होता दिखाई देता है।

जब अविवेकी जीव अपने कर्मों के अनुसार जन्म-मृत्यु के चक्र में भटकने लगता है, तब सात्विक कर्मों की आसक्ति से वह ऋषिलोक और देवलोक में, राजसिक कर्मों की आसक्ति से मनुष्य और असुर योनियों में तथा तामसी कर्मों की आसक्ति से भूत-प्रेत एवं पशु-पक्षी आदि योनियों में जाता है। जब मनुष्य किसी को नाचते गाते देखता है, तब वह स्वयं भी उसका अनुकरण करने - तान तोड़ने लगता है। वैसे ही जब जीव बुद्धि के गुणों को देखता है, तब स्वयं निष्क्रिय होने पर भी उसका अनुकरण करने के लिए बाध्य हो जाता है। जैसे नदी-तालाब आदि के जल के हिलने या चंचल होने पर उसमें प्रतिबिम्बित तट के वृक्ष भी उसके साथ हिलते-डोलते से जान पड़ते है, जैसे घुमाये जाने वाले नेत्रा के साथ साथ पृथ्वी भी घूमती हुई सी दिखायी देती है। भगवान श्रीकृष्ण भागवत के एकादश स्कंध में उद्धव जी से कहते हैं वैसे ही आत्मा का विषयानुभवरूप संसार भी सर्वथा असत्य है। आत्मा तो नित्य शुद्ध-बुद्ध मुक्त स्वभाव ही है। विषयों के सत्य न होने पर भी जो जीव विषयों का ही चिन्तन करता रहता है, उसका यह जन्म मृत्युरूप संसार चक्र कभी निवृत्त नहीं होता, जैसे स्वप्न में प्राप्त अनर्थ परम्परा जागे बिना निवृत्त नहीं होती। इसलिए इन दुष्ट कभी तृप्त ना होने वाली इन्द्रियों (शरीर) से विषयों को मत भोगो। आत्म विषयक अज्ञान से प्रतीत होने वाला सांसारिक भेदभाव भ्रममूलक ही है, ऐसा समझो। वस्तुतः आत्मदृष्टि ही समस्त विपत्तियों से बचने का एकमात्र साधन है।